विद्यालय प्रबंधन समिति शरौंथा का हुआ पुनर्गठन
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शरौंथा में वीरवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन को लेकर बैठक हुई। अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य काना सिंह ने की। बैठक में अभिभावकों और विद्यालय से जुड़े समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया। सभी सदस्यों की सहमति से नरेंद्र दुगलेट को समिति का अध्यक्ष और पूजा को उपाध्यक्ष चुना गया। समिति के गठन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक माहौल में संपन्न हुई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य काना सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि समिति विद्यालय के विकास कार्यों, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा तथा विभिन्न गतिविधियों के सफल संचालन में सहयोग प्रदान करेगी। प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यालय की उन्नति और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए अभिभावकों, शिक्षकों तथा स्थानीय समुदाय का आपसी समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सभी सदस्यों से विद्यालय हित में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया। बैठक के अंत में सभी उपस्थित अभिभावकों और सदस्यों ने विद्यालय के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।