सनबीम इंटरनेशनल स्कूल जुब्बल में धूमधाम से मनाया वार्षिक उत्सव
संवाद न्यूज एजेंसी
जुब्बल (रोहड़ू)। सनबीम इंटरनेशनल स्कूल जुब्बल में वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया। समारोह में विद्यालय के चेयरमैन रजत चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि एनएसी जुब्बल की चेयरमैन अनीता चौहान और जय पिंगी माता पंचायत जुब्बल के प्रधान जितेंद्र चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति पर आधारित नृत्य और लोक कलाओं ने दर्शकों का मन मोह लिया। पहाड़ी संस्कृति की झलक विशेष आकर्षण रही। विद्यार्थियों ने महाभारत और समुद्र मंथन जैसे पौराणिक प्रसंगों पर आधारित नाटकों के माध्यम से अपनी अभिनय प्रतिभा दिखाई। अंग्रेजी नाटक और डांस-ड्रामा भी प्रस्तुत किए गए। वहीं, विद्यार्थियों के मार्शल आर्ट्स के करतब और योग प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों को रोमांचित किया। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन रजत चौहान ने कहा कि सनबीम इंटरनेशनल स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रधानाचार्य अरुण ठाकुर ने कहा कि वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों और शिक्षकों के निरंतर परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।