रिकांगपिओ (किन्नौर)। नेहरू युवा केंद्र और ठाकुर सेन नेगी कॉलेज की एनएसएस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को जिला स्तरीय भाषण स्पर्धा का आयोजन किया गया। देश भक्ति और राष्ट्र निर्माण विषय पर आयोजित स्पर्धा में जिले के कल्पा, निचार और पूह में पूर्व में मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया। कार्यक्रम में रिकांगपिओ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। नेहरू युवा केंद्र के केवलगिर महंत ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
भाषण प्रतियोगिता में रिकांगपिओ महाविद्यालय की छात्रा मधुमिता बिष्ट ने पहले स्थान पर बाजी मारी। वहीं डाइट की आरती ने दूसरा और अंजली ने तीसरा स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि डॉ. राजेश नेगी ने विजेताओं को नकद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले प्रतिभागी को पांच हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2 हजार और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले को एक हजार रुपये सहित स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगा। वहीं इस मौके पर डाइट के प्रवक्ता मुनी लाल नेगी सहित कई अन्य मौजूद रहे।