रिकांगपिओ (किन्नौर)। उड़ान इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल रिकांगपिओ में 14वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। एसडीएम कल्पा डॉ. अवनिंदर शर्मा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेशकर खूब धमाल मचाया।
इस मौके पर फैंसी ड्रेस स्पर्धा में नर्सरी क्लास की अव्यांश शर्मा ने पहला, सान्वी ठाकुर ने दूसरा और शिवगंश नेगी ने तीसरा स्थान झटका। केजी कक्षा के अद्विक ने पहला, सानव ने दूसरा और गौतमी नेगी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। समारोह के दौरान छात्राओं ने स्वच्छता पर लघु नाटक पेश कर स्वच्छ भारत का संदेश दिया। छात्र-छात्राओं ने आर्मी की वेशभूषा पहनकर देशभक्ति गीत गाए। वहीं मोबाइल की दुष्प्रभावों पर भी लघु नाटक पेश किया गया।
छात्राओं ने मेरी गोशने जाना, पहाड़ा रे दिल शिमला, रूप तेरा बड़ा प्यारा, पारे कुल्लू जाना जैसे पहाड़ी गानों पर नाटी पेश कर सबको झूमने पर मजबूर कर दिया। अंत में मुख्य अतिथि ने मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं इस मौके पर डॉ. पूजा शर्मा, जयवंती ठाकुर, डोलमा ब्राइस, नरेंद्र माथस, अनिता देवी, पूजा और नीलम छाजटा सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।