रामपुर बुशहर। नोगली कस्बे में लोगों को एटीएम की सुविधा मिलेगी। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने नोगली में एटीएम सेवा शुरू कर दी है। लंबे समय से चल रही मांग पूरी हो गई है। नोगली कस्बा आठ पंचायतों का केंद्र बिंदु है। अब लोगों को पैसे निकालने के लिए बैंक के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। व्यापारमंडल नोगली के पदाधिकारियों ने एसबीआई का एटीएम खुलने पर खुशी प्रकट की है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चल रही मांग को एसबीआई ने पूरा कर दिया है। यहां एटीएम की कोई सुविधा नहीं थी। क्षेत्र के लोगों को एटीएम से पैसा निकालने के लिए छह किलोमीटर दूर रामपुर जाना पड़ता था। राष्ट्रीय उच्च मार्ग-पांच से आने जाने वाले लोगों के लिए राज्य सहकारी बैंक नोगली के साथ एसबीआई ने अब एटीएम की सुविधा शुरू कर दी है। इस सराहनीय कार्य के लिए व्यापारमंडल नोगली के पदाधिकारियों ने एसबीआई का आभार जताया है। व्यापारमंडल नोगली के अध्यक्ष कीर्तन चौहान, उपाध्यक्ष कृष्णकांत मेहता, महासचिव भूपेंद्र चौहान और संयुक्त सचिव भगवान दास सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि एटीएम सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों के लोगों को राहत मिली है।