रोहड़ू। लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय, सरस्वतीनगर ने एसएआर (स्टेट असेसमेंट रिपोर्ट) रैंकिंग में टियर-2 श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। पांच सौ से एक हजार छात्रों तक की संख्या वाले टियर-टू श्रेणी के महाविद्यालयों में सरस्वतीनगर कालेज ने राज्य भर में दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का परिचय दिया है। राज्य सरकार की ओर से उच्च शिक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई इस रैंकिंग का मूल्यांकन शोध, इंफ्रास्ट्रक्चर, शैक्षणिक, खेल और सहपाठ्यक्रम गतिविधियों में प्राप्त उपलब्धियों के आधार पर किया जाता है। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ पूनम मेहता ने इस सफलता पर सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी महाविद्यालय इसी प्रकार उत्कृष्टता बनाए रखेगा और नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।