सरस्वतीनगर कालेज की गुणवत्ता परखने पहुंचा एसएआर निरीक्षण दल
टियर-2 में चयनित संस्थानों में शामिल हुआ एलबीएस राजकीय महाविद्यालय सरस्वतीनगर
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। उच्च शिक्षा निदेशालय हिमाचल प्रदेश की ओर से शैक्षणिक सत्र 2024-25 की आंतरिक रैंकिंग के अंतर्गत प्रस्तुत सेल्फ असेसमेंट रिपोर्ट (एसएआर) के आधार पर प्रदेश के विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों का मूल्यांकन किया जा रहा है। इसी क्रम में लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय, सरस्वतीनगर का चयन टियर-2 के लिए किए गए सात महाविद्यालयों में हुआ है। सरस्वतीनगर कॉलेज में एसएआर स्पॉट मूल्यांकन के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय के गठित निरीक्षण दल ने दौरा किया। दल में राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ के प्राचार्य उपेंद्र कुमार शर्मा, राजकीय महाविद्यालय बड़ोह के प्राचार्य डॉ. नीरज के. शर्मा, राजकीय महाविद्यालय मतौर के प्राचार्य डॉ. विनोद के. शर्मा और राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ के सहायक प्राध्यापक (गणित) डॉ. अमित कौरा शामिल रहे। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पूनम मेहता तथा समस्त स्टाफ ने निरीक्षण दल का स्वागत किया और संस्थान की शैक्षणिक, सह शैक्षणिक तथा प्रशासनिक उपलब्धियों के साथ गुणवत्ता संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। निरीक्षण दल ने विभिन्न विभागों, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, स्मार्ट कक्षाओं, खेल सुविधाओं, कार्यालय और अन्य आधारभूत संरचनाओं का निरीक्षण कर एसएआर रिपोर्ट में प्रस्तुत तथ्यों एवं अभिलेखों का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान प्राध्यापक, गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा छात्र प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। महाविद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार, अनुसंधान, छात्र कल्याण तथा संस्थागत विकास के क्षेत्र में किए गए प्रयासों के आधार पर संस्थान को आंतरिक रैंकिंग में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त होगा।