रामपुर के सार्वजनिक शौचालय में स्थापित होगी सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन
पांच रुपये डालकर मिलेगा नैपकिन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नगर परिषद रामपुर के अंतर्गत बने सार्वजनिक शौचालय में अब सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन की सुविधा मिलेगी। सुलभ अंतरराष्ट्रीय समाज सेवा संगठन शिमला ने वीरवार को सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन नगर परिषद ईओ को सौंपी। ये मशीनें रामपुर के पुराने बस अड्डे और पुस्तकालय के पास स्थापित की जाएगी। इन शौचालयों को महिलाओं और युवतियां अधिक इस्तेमाल करती हैं। मशीन के अंदर महिलाएं पांच रुपये का सिक्का डालकर नैपकिन वेंडिंग ले सकेंगी। ऐसे में महिला शौचालयों में मशीन लगाकर सुविधा देने से स्वच्छता सर्वेक्षण में फायदा मिलेगा। नगर परिषद ईओ बाबू राम नेगी ने कहा कि शौचालय में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सेनेटरी वेंडिंग मशीन लगाई गई है। एक और मशीन पुस्तकालय के साथ बने सार्वजनिक शौचालय में लगाई जाएगी। उन्होंने समाज सेवा संगठन शिमला का मशीन देने के लिए आभार प्रकट किया। सुलभ शौचालय चेयरमैन विनय कुमार ने कहा कि रामपुर में दो सेनेटरी मशीनें स्थापित की गई हैं। महिलाओं और युवतियों को शौचालय के पास ही सेनेटरी नैपकिन मिल जाएगी। महज पांच रुपये में यह सुविधा मिलेगी। उपयोग किए सेनेटरी नैपकिन का निस्तारण भी सुलभ शौचालयों पर कर सकेंगे। इसके लिए डिस्पोजल मशीन लगाई गई हैं। इससे जहां शहर को स्वच्छ करने में मदद मिलेगी, वहीं नारियों को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। कई बार देर रात दुकानें खुली नहीं मिलती या पहुंच से दूर होती हैं। ऐसे में वेडिंग मशीन की काफी उपयोगिता साबित होगी।