सीमा काॅलेज बना उपविजेता, तीसरे स्थान पर रहा मंडी काॅलेज
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। राजकीय महाविद्यालय सीमा में आयोजित चार दिवसीय इंटर कॉलेज वाॅलीबाल (पुरुष) प्रतियोगिता शनिवार को संपन्न हो गई है। इस अवसर पर उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होकर पारितोषिक वितरण किया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ललिता रावत ने कार्यक्रम में सभी का स्वागत किया।
समापन समारोह के अंतिम दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। पहला सेमीफाइनल मुकाबला सीमा काॅलेज व मंडी काॅलेज के बीच खेला गया। इसमें सीमा काॅलेज ने मंडी को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल मैच में संधोल काॅलेज ने संजौली काॅलेज को 3-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। इंटर काॅलेज स्पर्धा का फाइनल मुकाबला सीमा काॅलेज व संधोल काॅलेज के मध्य खेला गया। रोमांचकारी मुकाबले में संधोल ने सीमा को 3-2 से पराजित कर विजेता ट्राॅफी पर अपना कब्जा किया। स्पर्धा में तीसरे स्थान के लिए मंडी काॅलेज और संजौली काॅलेज के बीच मैच खेला गया। इसमें मंडी ने संजौली को 3-0 से अंतर से पराजित किया। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत सिंह ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सभी टीमों ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देती हैं। इस अवसर पर संयोजक डॉ. राय सिंह नेगी, सचिव डॉ. दिग्विजय भी उपस्थित रहे।