रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिले में खाद्य पदार्थों, मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्रियों में मिलावट करने वालों की अब खैर नहीं। जिले में मिलावटखोरों के प्रति फूड सेफ्टी विभाग ने मात्र तीन महीने में विभिन्न खाद्य पदार्थों और मिठाइयों के सैंपल भरकर कंडाघाट प्रयोगशाला में जांच करने के लिए भेजे थे, जिसमें से दस सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है।
किन्नौर खाद्य सुरक्षा अधिनियम विभाग के सहायक आयुक्त धर्मेंद्र चौहान ने कहा कि बीते तीन माह के भीतर विभाग ने रिकांगपिओ, कल्पा, पोवारी, टापरी, भावानगर आदि स्थानों से खाद्य पदार्थों और मिठाइयों के सैंपल लिए थे। इनमें तेल, बटर, टोमेटो सॉस, गज्जक, गुड़, मिठाइयां, बर्फी, दाख आदि के तीस सैंपल लिए गए थे। इनमें से बीस सैंपलों की रिपोर्ट आ चुकी है। छह सैंपल बटर, दाख, गज्जक, टोमेटो सॉस और बर्फी फेल पाए गए हैं। जबकि, 10 पदार्थों की सैंपल रिपोर्ट आना बाकी है। उन्होंने बताया कि एक दुकानदार की बर्फी का सैंपल फेल हो गया था, जिसका 20 हजार रुपये का चालान काटा गया है और 2 मामलों में चालान होना बाकी है। वहीं अन्य तीन मामलों को कोर्ट भेजा जाना है। उन्होंने कहा कि विभाग के पास मीट के सैंपल लेने के लिए डीप फ्रीजर रेफ्रिजरेटर उपलब्ध नहीं है, जिस कारण मीट के सड़ने और बासी होने के सैंपल नहीं लिए जा रहे हैं। शराब की गुणवत्ता और सब्जियों के जल्द सैंपल लिए जाएंगे।