रोहड़ू। आईपीएल की तर्ज पर रोहड़ू में भी रोहड़ू प्रीमियर लीग (आरपीएल) क्रिकेट प्रतियोगिता करवाई जा रही है। इसके लिए 150 खिलाड़ियों के ऑक्शन के लिए फ्रेंचाइजी सेरेमनी हुई। इसमें 120 खिलाड़ियों को टीम फ्रेंचाइजी ने लिया है। यह प्रतियोगिता जून में शुरू होगी और दूधिया रोशनी में होगी। संजीवनी सहारा समिति की ओर से लोकल युवाओं के मनोबल को बढ़ाने और उन्हें प्रोत्साहन देने के लिए आईपीएल की तर्ज पर क्रिकेट प्रतियोगिता करवाई जा रही है। प्रतियोगिता में आठ टीमें फ्रेंड्स क्लब मंडलगढ़, क्लब-90, हिमालय बॉयज रोहड़ू, सीएसके वरदान पैंथर्स, चांशल वॉरियर छौहारा, रनसार रॉयल्स, सीएमसी खशधार (खोष) और पवासी 11 छौहारा की टीमें शामिल है। टीमों में भाग लेने के लिए क्षेत्र के 150 खिलाड़ियों ने अपना पंजीकरण करवाया था। फ्रेंचाइजी सेरेमनी में खिलाड़ियों के ऑक्शन उनकी खेल प्रतिभा के आधार पर हुआ। समिति के अध्यक्ष गोपाल चौहान ने बताया कि समिति क्षेत्र के स्थानीय खिलाड़ियों के लिए मिनी आईपीएल करवा रही है। इस अवसर संजीवनी सहारा समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।