.सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों का सहमति से शीघ्र निपटारा करना उद्देश्य
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उच्च न्यायालय की ओर से समाधान समारोह के तहत विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। सब डिविजनल लीगल सर्विस कमेटी की चेयरमैन कनिका गुप्ता ने बताया कि यह अभियान 21 अप्रैल से शुरू हो गया है। इसकी 21, 22 और 23 अगस्त तक विशेष लोक अदालत का आयोजन होगा। विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वोच्च न्यायालय परिसर में किया जाएगा। इसमें सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों को शामिल किया जाएगा। कनिका गुप्ता ने कहा कि विशेष लोक अदालत से पहले राज्य, जिला, तालुका और उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं समितियों के मध्यस्थता केंद्रों में सुलह बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों की शुरुआत 21 अप्रैल से हो गई है, जहां प्रशिक्षित मध्यस्थ और विधिक सेवा प्राधिकरणों के अधिकारी पक्षकारों की सहायता करेंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों का आपसी सहमति और सुलह के माध्यम से शीघ्र निपटारा करना है, ताकि लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिल सके। अधिवक्ताओं, वादकारियों और अन्य संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों को समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 में शामिल करने के लिए एक सरल गूगल फॉर्म तैयार किया गया है। यह फॉर्म सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।