रोहड़ू। पब्बर नदी में अवैध खनन पर कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने दो ट्रक और चार ट्रैक्टर जब्त किए हैं। वीरवार को डीएफओ शहनवाज भट्ट ने टीम के साथ वीरवार रात दबिश देकर यह कार्रवाई अमल में लाई है। वन विभाग की इस कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मच गया है।
विभाग की टीम ने पब्बर नदी के किनारे अलग-अलग जगहों पर दबिश दी तो यहां पर ट्रकों और ट्रैक्टर के माध्यम से रेत को ले जाया जा रहा था। इस पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में इस्तेमाल किए गए वाहनों को अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वन विभाग अभी तक अवैध खनन के मामलों में सात लाख रुपये तक जुर्माना वसूल कर चुका है। डीएफओ रोहड़ू ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी ऐसी ही कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों के दौरान, रोहड़ू वन मंडल में रेत, पत्थर और बजरी के अवैध खनन के मामलों में 55 चालान किए गए है। अवैध खनन रोकने के लिए उपमंडल में प्रशासन के साथ पुलिस और अन्य विभागों को भी शक्तियां दी गई हैं लेकिन लंबे अरसे से अन्य विभाग इसको अनदेखा करते रहे हैं।