संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले का बाजार इस बार इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम समाला में सजेगा। 20 अप्रैल से 22 अप्रैल तक मेले का आयोजन होगा। राेहड़ू बाजार के क्षेत्र में कहीं भी किसी भी स्थान पर मेले से संबंधित दुकानें, रेहड़ी-फड़ी और झूले लगाने पर प्रतिबंध रहेगा। मेले में दुकान लगाने के लिए कारोबारियों को ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा। पंजीकरण केवल उन दुकानदारों के लिए उपलब्ध है, जो स्वयं दुकान स्थापित करेंगे। किसी भी बिचौलिये को दुकान आवंटित नहीं की जाएगी। दुकानों का आवंटन रोहड़ू मेला समिति करेगी। पंजीकरण प्रक्रिया के अंतर्गत सभी आवेदकों को निर्धारित पंजीकरण फॉर्म ऑनलाइन भरना होगा और निर्धारित पंजीकरण शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।
मेले की दुकानें समाला स्टेडियम में लगाई जाएंगी। दुकानें लेने के लिए कारोबारियों को पंजीकरण करना अनिवार्य होगा। अधिक जानकारी लिए आवेदक एसडीएम कार्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं।
- विजय वर्धन, एसडीएम रोहड़ू