रोहड़ू। दिसंबर महीने से वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद डोडरा-क्वार सड़क एक सप्ताह के भीतर छोटे वाहनों के लिए खुल जाएगी। सड़क बहाल होने से पांच पंचायतों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। चांशल घाटी में भारी बर्फबारी के कारण डोडरा क्वार क्षेत्र का संपर्क पूरे प्रदेश से कटा हुआ है।
लोक निर्माण विभाग ने मार्ग को 14 मार्च तक छोटे वाहनों के लिए बहाल करने का एलान किया है। डोडरा क्वार सड़क को बहाल करने का कार्य बीते तीन सप्ताह से चल रहा है। सड़क खोलने के लिए दोनों ओर से मशीनें और बुलडोजर लगाए गए हैं। लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी शून्य डिग्री तापमान में सुबह से शाम तक सड़क को बहाल करने में जुटे हैं। दोनों ओर से लोक निर्माण विभाग की मशीनें चांशल घाटी में कई जगह पर आठ से दस फीट बर्फ की दीवार को हटा चुकी हैं।
दो सौ किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करने को मजबूर लोग
डोडरा क्वार सड़क हिमपात के बाद दिसंबर महीने से बंद है। इस वजह से डोडरा-क्वार उपमंडल की पांच पंचायतों के लोगों को एक दिन का पैदल सफर के बाद वाया उत्तराखंड के धौला सड़क तक पहुंचना पड़ता है। यहां से जिला मुख्यालय शिमला तक पहुंचने के लिए करीब दौ सौ किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ता है। सड़क खुलने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
सड़क को खोलने का काम तेजी से चल रहा है। मौसम खुलने के बाद सड़क को 14 मार्च तक बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है। इसको पूरा करने के लिए सुबह से रात तक काम चल रहा है। छोटे वाहनों के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सड़क को बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
नरेंद्र नायक, एसडीओ लोक निर्माण विभाग