आईपीएल की तर्ज पर होगी प्रतियोगिता, फ्रेंचाइजी ने अपनी टीमों में नीलामी के आधार पर खिलाड़ियों को चुना
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। रोहड़ू के इंदिरा गांधी मैदान में आईपीएल की तर्ज पर रोहड़ू क्रिकेट प्रीमियर लीग का पांच जून से आगाज हो रहा है। वीरवार को शाम सात बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला करेंगे, जबकि समापन समारोह में विधायक मोहन लाल ब्राक्टा बतौर मुख्य अतिथि पहुंचेंगे। रात में भी फ्लड लाइटों की रोशनी में मैच होंगे। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन संजीवनी सहारा समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें क्षेत्र के 120 चुनिंदा खिलाड़ी भाग लेंगे। सभी खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी ने अपनी-अपनी टीमों में नीलामी के आधार पर लिया है। प्रतियोगिता में क्षेत्र के ही प्रतिभावान खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता में आठ टीमें भाग ले रही हैं। इसमें हिमालयन बॉयज रोहड़ू, राॅयल जुबलियन, फ्रेंड्स क्लब मंडलगढ़, सीएसके छौहारा, नेक्सन स्ट्राइकर जुब्बल, रोहड़ू रेंजरस, नावर लेजेंड और चांशल वाॅरियर छौहारा शामिल हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीम को दो लाख रुपये और उपविजेता टीम को एक लाख रुपये की राशि पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। इसके अलावा भी कई आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। संजीवनी सहारा समिति के अध्यक्ष गोपाल चौहान ने बताया कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आठ जून को समापन होगा।