रोहडू में प्रेसवार्ता केदौरान सरकार की उपलब्धियां बताते हैं कांग्रेस मंडल के पदाधिकारी। संवाद
रोहड़ू कांग्रेस का भाजपा पर पलटवार, कहा-क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू।
भाजपा की ओर से डोडरा क्वार और रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों पर लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस मंडल रोहड़ू ने पलटवार किया है। कांग्रेस मंडल रोहड़ू के अध्यक्ष शिवपाल ठाकुर ने पत्रकार वार्ता में कहा कि क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार और विधायक मोहन लाल ब्राक्टा के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी की गई हैं। शिवपाल ठाकुर ने जानकारी दी कि डोडरा क्वार में शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं लागू हुई हैं। डोडरा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के भवन पर 4.60 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। क्वार स्कूल भवन पर 2.83 करोड़ रुपये का व्यय हुआ है। रोहड़ू-डोडरा क्वार सड़क पर करीब 45 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जिश्कून संपर्क सड़क और जिश्कून-जाखा सड़क के निर्माण पर भी करोड़ों रुपये लगाए जा रहे हैं। क्वार में रेस्ट हाउस का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। एसडीएम आवास का कार्य अभी जारी है। डॉक्टरों के आवास के लिए निविदा प्रक्रिया चल रही है। क्वार में 50 बिस्तरों वाले अस्पताल के लिए 14.53 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) भेजी गई है। रोहड़ू क्षेत्र में विकास और राजनीतिक प्रतिक्रिया रोहड़ू क्षेत्र में आरसीडी सड़क के लिए 19 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। देवीधार-मासली, नसारी-दड़गांव और कुई-खदराला सड़कों का निर्माण भी हो रहा है। रोहड़ू सिविल अस्पताल में 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक बन रहा है। चिड़गांव आईटीआई के लिए 7.13 करोड़ रुपये की परियोजना पर भी काम चल रहा है। शिवपाल ठाकुर ने भाजपा नेताओं पर विकास कार्यों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपने कार्यकाल के विकास कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। इस पत्रकार वार्ता में कई कांग्रेस नेता उपस्थित थे।