संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। नावर क्षेत्र के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिक्कर में बीएमओ, चिकित्सकों सहित अन्य स्टाफ के एक दर्जन से अधिक पद खाली चल रहे हैं। इस कारण यहां स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से बनाए रखने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से नावर क्षेत्र की नौ पंचायतों के हजारों लोग लाभान्वित होते हैं। स्वास्थ्य केंद्र में खंड स्वास्थ्य अधिकारी (बीएमओ) का पद एक वर्ष के खाली है। इनके अलावा चिकित्सक के तीन पद, स्टाफ नर्सर के तीन पद, चीफ फार्मास्सिट का एक, ऑप्थैल्मिक टेक्नीशियन यानी नेत्र सहायक का एक पद, बीपीएम काउंसलर का एक, स्वास्थ्य शिक्षक का एक, क्लर्क के पांच और अधीक्षक का एक पद रिक्त चल रहा है। स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन सौ 80 से अधिक ओपीडी होती है। ऐसे में चिकित्सक सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की कमी के चलते स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से चलाने में परेशानियां पेश आ रही हैं।
क्षेत्रवासी राम प्रकाश जगीथटा, मोती लाल सुराजटा, मनोज सुंटा, सोहन सिंह देष्टा, लेख राज, मनमोहन कपालटा, सुनील शर्मा, उषा चौहान, दिनेश, अजीत सरमेट, दलीप टाइसन, अनुपम चौहान, रोनित धांटा और पिंकु गेजटा ने बताया कि केंद्र में बीएमओ का पद एक वर्ष से रिक्त है। चिकित्सक सहित अन्य स्टाफ के एक दर्जन से अधिक पद खाली चल रहे हैं। रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार की ओर से कोई भी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने मांग उठाई है कि स्वास्थ्य केंद्र टिक्कर में खाली पदों को शीघ्र भरा जाए।