फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: जाजर से दलाश तक 13.58 करोड़ से सड़क का होगा कायाकल्प

विज्ञापन
प्रमुख लूहरी-दलाश सड़क
विज्ञापन
क्षेत्र के हजारों किसान बागवानों और ग्रामीणों को मिलेगा लाभ, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग जल्द होगी पूरी, मिलेगा आरामदायक सफर का लाभ
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी

दलाश (कुल्लू)। क्षेत्र की प्रमुख लूहरी-दलाश सड़क की जाजर से दलाश तक जल्द हालत सुधरेगी। लोक निर्माण विभाग करोड़ों रुपये की लागत से इस सड़क का कायाकल्प करेगा। सड़क की हालत सुधरने से क्षेत्र की दस पंचायतों के हजारों ग्रामीण और किसान-बागवान लाभान्वित होंगे। गौर हो कि लोक निर्माण विभाग दलाश सब डिवीजन के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चरण तीन के तहत लूहरी दलाश सड़क की हालत सुधार रहा है। इन दिनों इस सड़क का अपग्रेडेशन कार्य जाजर से दलाश तक जोरों से चल रहा है। करीब 16.200 किलोमीटर सड़क का 13 करोड़ 58 लाख 59 हजार रुपये की लागत से कायाकल्प किया जाएगा। कार्य पूरा करने की अवधि डेढ़ वर्ष निर्धारित की गई है।
इस सड़क पर आज तक दर्जनों सड़क हादसे हो चुके हैं, जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है। सड़क संकरी होने के कारण स्थानीय जनता व जनप्रतिनिधियों ने कई बार इस सड़क को चौड़ा करने की मांग हर मंच से उठाई थी, जो अब साकार होगी। बताते चलें कि इस सड़क पर दलाश से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर ओवरी ढांक है। इस ढांक पर से सफर करना हमेशा जानलेवा बना रहता है। यहां सड़क संकरी है और सड़क पर ढांक से पत्थर भी गिरते रहते हैं। ऐसे में ओवरी ढांक से सफर करना जानलेवा बना रहता है। अब जब इस सड़क पर काम शुरू हो चुका है, तो इस ढांक का भी कोई स्थायी समाधान निकलने की संभावना तलाशी जा रही है।
विज्ञापन

लोक निर्माण विभाग निरमंड मंडल के एक्सईएन मनोज कुमार ने बताया कि डीपीआर के अनुसार, जाजर से दलाश के बीच 16.200 किलोमीटर के भाग को सुधारा जाना है। अब इस सड़क की चौड़ाई पांच मीटर से बढ़ाकर 7 मीटर की जानी है, जबकि टारिंग भी 3.05 मीटर से बढ़ाकर 3.75 मीटर की जाएगी। सड़क की मौजूदा टारिंग को उखाड़कर सड़क पर ग्रेड 1 और ग्रेड 2 की लेयर बिछाई जाएगी। उसके बाद टारिंग की जाएगी। साथ ही विभिन्न ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर करीब पौने पांच किलोमीटर क्रैश बैरियर लगाए जाने हैं। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर करीब 112 मीटर की सुरक्षा दीवारें और करीब 40 मीटर विभिन्न भागों में डंगे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 23 क्लवर्ट और 3 स्लैब क्लवर्ट डाले जाने हैं। जहां सड़क बेहद तंग है, उस जगह हो चौड़ा किया जाएगा। पक्की नालियां बनाई जाएंगी। उसके बाद पांच साल तक मेंटेनेंस पीरियड के बाद इसमें फिर से टारिंग की परत बिछाई जाएगी।

सड़क की कटिंग का मलबा सड़क के किनारे डंप करने से बढ़ी परेशानी


सड़क के अपग्रेडेशन कार्य से जहां लोगों में खुशी की लहर है। वहीं, इस सड़क की कटिंग से निकल रहे मलबे के लिए डंपिंग साइट चिह्नित किए जाने के बावजूद भी जाजर के आसपास दो-तीन जगहों पर सड़क के किनारे मलबा फेंके जाने से वाहन चालकों में रोष है। लोगों का कहना है कि पासिंग प्वाइंट पर मलबा गिराने से वाहन चालकों को पास देने में परेशानी हो रही है।
विज्ञापन



जाजर से दलाश तक सड़क के अपग्रेडेशन का कार्य प्रगति पर है। इस पर पर करीब 13 करोड़ 58 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। मेरे संज्ञान में मलबा डंप करने की शिकायत आई है। निर्माण कार्य में जुटी कंपनी को हिदायत दे दी जाएगी कि जहां डंपिंग साइट चिह्नित है, वहीं मलबा डंप करें। - मनोज कुमार, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग निरमंड



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें