एक सप्ताह में खनन विभाग ने पांच लोगों के काटे चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। पब्बर नदी में अवैध खनन नहीं रुक रहा है। खनन विभाग ने नदी को जाने के लिए खनन माफिया की ओर से बनाए गए चोर रास्तों को खोदकर बंद कर दिया है। एक सप्ताह में पांच लोगों को खनन करते हुए पकड़ कर चालान काटे गए हैं। विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई है कि यदि इन बंद सड़कों को खोलने का प्रयास किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रोहड़ू के तीस किलोमीटर क्षेत्र में पब्बर नदी के तट पर अवैध खनन का सिलसिला कई साल से जारी है। साथ लगती लोगों की भूमि पानी का बहाव बदलने से तबाह हो चुकी है। भूमि कटाव से नदी का रुख हर साल बदल रहा है। वन विभाग, पुलिस, प्रशासन, खनन विभाग की ओर से पहले भी कई बार चालान किए गए। अब बरसात के बाद नदी तट के लिए बनाए गए चोर रास्तों को बंद कर दिया गया है। इस प्रकार की कार्रवाई लगातार होती रहती है, लेकिन खनन माफिया बार-बार रास्ते बना लेता है। खनन निरीक्षक कमलेश भारद्वाज ने बताया कि विभाग की ओर से पब्बर नदी के तट के लिए रोहड़ू तहसील क्षेत्र के दायरे में कई स्थानों पर बनाए गए रास्तों को बंद कर दिया गया है। अब लगातार निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई दोबारा रास्ते बनाते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।