उर्मण-काशापाट सड़क पर मझनाला में दरकी चट्टानें, 50 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त
बस सेवा ठप होने से पांच गांवों के हजारों लोग झेल रहे परेशानियां
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। दुर्गम पंचायत काशापाट को जोड़ने वाली सड़क पर एक सप्ताह बाद भी बड़े वाहन नहीं दौड़ पा रहे हैं। यातायात ठप होने से पथ परिवहन निगम की बस सेवा बंद है और पांच गांवों के लोगों को आवाजाही के लिए परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
बीते शनिवार को उर्मण-काशापाट सड़क पर अचानक पहाड़ी से चट्टानें गिर गई थीं। मझनाला में सड़क पर भारी भरकम चट्टानें गिरने से करीब 50 मीटर सड़क ध्वस्त हुई है। इसके कारण पांच गांवों का संपर्क कटा हुआ है। ग्रामीणों को शिवरात्रि पर्व की खरीदारी करने के लिए बाजार पहुंचना चुनौती बना हुआ है। करीब एक सप्ताह बाद भी यातायात बहाल न हाेने से दुश्वारियां बरकरार हैं। काशापाट पंचायत के काशा, पाट, कंडी, शरनाल और छल्टा गांव के हजारों ग्रामीण परिवहन सेवाओं से महरूम हैं। भारी भरकम चट्टानें गिरने से करीब 50 मीटर सड़क का नामोनिशान मिट गया था। अब चट्टानें काट कर छोटे वाहनों के लिए तो बहाल कर दी गई है, लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए मौके पर करीब 50 मीटर लंबा डंगा लगाना पड़ेगा। ऐसे में सड़क बहाली में अभी समय लग सकता है। लोक निर्माण विभाग को करीब 20 लाख की क्षति पहुंची है। काशापाट पंचायत की पूर्व प्रधान पुष्पा सनाटू ने सरकार और लोक निर्माण विभाग से बड़े वाहनों के लिए शीघ्र सड़क बहाल करने की मांग उठाई है।
उधर, लोक निर्माण विभाग तकलेच के सहायक अभियंता गोवर्धन शर्मा का कहना है कि छोटे वाहनों के लिए सड़क बहाल कर दी गई है। चट्टानें गिरने से करीब 50 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। यहां पर डंगा लगाया जाएगा। उसके बाद ही बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाएगी।