शक्तिनगर, फार्म, धनरोटी और दाबन सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग परेशान
लोक निर्माण विभाग से सड़क को जल्द बहाल करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। घासीगांव से धनरोटी सड़क बरसात में क्षतिग्रस्त होने के कारण पिछले तीन माह से चार अलग-अलग स्थानों पर बड़े वाहनों के लिए अवरुद्ध पड़ी है। इससे शक्तिनगर, फार्म, धनरोटी और दाबन सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी राजेश सबीरटा, राजेंद्र सबीरटा, रविंद्र, प्रताप जस्टा, मनमोहन अमरैक, प्रमोद सेठी, ओमप्रकाश, सुभाष, संदीप और अनमोल ने लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया है कि इस सड़क को बड़े वाहनों के लिए जल्द बहाल किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि सर्दियों के मौसम में आग की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में यदि आपातकालीन स्थिति उत्पन्न हो जाए तो अग्निशमन विभाग की बड़ी गाड़ियां इस मार्ग से होकर प्रभावित क्षेत्र तक नहीं पहुंच पाएंगीं, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता है। उन्होंने बताया कि यह पूरा इलाका पहले से ही सूखी घासनी वाला अग्नि संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, जहां आग लगने की संभावना अधिक रहती है। ग्रामीणों ने विभाग से समय रहते सड़क को दुरुस्त कर बड़े वाहनों की आवाजाही बहाल करने की मांग की है, ताकि आपात स्थिति में कोई जान-माल का नुकसान न हो।