रामपुर बुशहर। रामपुर से बारह किलोमीटर दूर दत्तनगर में एक कार ने अनियंत्रित होकर पिकअप को टक्कर मार दी। इस घटना में दो महिलाओं और एक लड़की सहित चालक को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक के खिलाफ भादंसं की धारा 279 और 337 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना रामपुर से मिली जानकारी के अनुसार राजिंद्र कुमार, पुत्र देवी राम, गांव एवं डाकघर लखनपुर जिला बिलासपुर ने बताया कि वीरवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह खनेरी में सामान पहुंचाने गया था। सामान छोड़कर जब वह वापस लौट रहा था तो दत्तनगर के पास सामने से आ रही एक कार नंबर एचपी 06 ए-2624 जैन एस्टेलो ने पिकअप को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो महिलाओं, एक लड़की और चालक को चोटें आई हैं।
राजिंद्र कुमार ने निजी वाहन को रोका और घायलों को खनेरी अस्पताल में इलाज के लिए लाया और पुलिस ने सूचना मिलने के बाद कार चालक राजेंद्र सिंह, पुत्र तवारीसी राम, गांव कुमसू, नोगली, तहसील रामपुर पर लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। वहीं डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।