भावानगर (किन्नौर)। टापरी के समीप हुए हिट एंड रन मामले में जख्मी युवक की पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई है। मारुति स्विफ्ट कार से जख्मी युवक ऋषि कुमार को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया था। परंतु युवक कोमा में चला गया था, जिस पर उसकी हालत को देखते हुए आईजीएमसी से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। मंगलवार दिन को ऋषि कुमार ने पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
गौरतलब है कि बीते शनिवार रात को ऋषि कुमार टापरी बाजार में सामान लेने के लिए आया था। इसी दौरान रिकांगपिओ से टापरी की ओर आ रही मारुति स्विफ्ट गाड़ी नंबर एचपी 26 ए 2734 ने सड़क के किनारे खड़े ऋषि कुमार (32वर्ष), पुत्र सुशील कुमार, गांव व डाकघर चगांव को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक तेज रफ्तार से कार को टापरी की ओर लेकर चला गया। टक्कर लगने से घायल ऋषि वहीं गिर गया, उसे स्थानीय लोगों ने निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक चिकित्सा देने के पश्चात घायल को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया था। एसएचओ टापरी राजेश पाल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि टापरी पुलिस थाना में गाड़ी चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279, 337 आईपीसी व 187 एमवी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम करवाने के लिए टापरी से पुलिस आईओ रवाना हो गया है। मामले की जांच चल रही है।