आनी (कुल्लू)। निरमंड खंड के रैमू में एक वृद्ध महिला की निजी बस के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, निजी बस बागीपुल से रामपुर की ओर आ रही थी। इस बीच बस रैमू में सवारियों के लिए रुकी हुई थी। महिला अपनी बेटी को छोड़ने सड़क तक आई थी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, जब बस चली तो अचानक वृद्ध महिला गाड़ी के पास आ गई और चालक ने वृद्ध महिला को नहीं देखा, जिससे वह टायर के नीचे आ गई। वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। 80 वर्षीय वृद्ध महिला मणी देवी, गांव मातला, निशानी पंचायत की रहने वाली थी। थाना प्रभारी निरमंड गोपाल राणा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। वृद्धा का शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।