कूट पंचायत के सुरू गांव पर भूस्खलन से मंडरा रहा खतरा। संवाद
. कूट पंचायत प्रधान ने प्रशासन से एहतियात ठोस कदम उठाने की मांग उठाई
. भूस्खलन से ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
उपमंडल रामपुर की दुर्गम कूट पंचायत के सुरू गांव में लगातार बढ़ रहे भूस्खलन ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार भूस्खलन से कई मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर पांच मकानों को खाली करवाया गया है। कूट पंचायत की प्रधान सुषमा नेगी ने बताया कि भूस्खलन के खतरे को देखते हुए जेतू राम, दिलीप, मान सिंह, टीकम और किशोरी लाल के मकानों को खाली करवाया गया है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना से पहले जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। प्रधान सुषमा ने सुरू गांव में लगातार बढ़ रहे भूस्खलन की स्थिति से एसडीएम रामपुर को भी अवगत करवाया है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र का मौके पर निरीक्षण करने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। वहीं, भूस्खलन के कारण गांव में भय और चिंता का माहौल है। प्रधान सुषमा नेगी ने कहा कि जमीन लगातार खिसकने से प्रभावित मकानों के अलावा आसपास के अन्य घरों पर भी खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम करने और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है। उन्होंने और ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि भूस्खलन का सिलसिला इसी तरह बढ़ता रहा, तो आने वाले दिनों में और मकान इसकी चपेट में आ सकते हैं। वहीं, पूरे गांव पर खतरा मंडरा सकता है। ऐसे में प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का तकनीकी निरीक्षण करवाकर स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाने की मांग की गई है।