रामपुर बुशहर। नशीली दवाइयों के मामले में अदालत ने एक आरोपी को दोषी करार देते हुए डेढ़ वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। पुलिस थाना नेरवा में 24 फरवरी 2023 को अभियोग संख्या 12/2023 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 में मामला दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी कंवर सिंह, निवासी नेरवा, जिला शिमला के पास से प्रतिबंधित कफ सिरप की पांच बोतलें बरामद की गई थीं। इनकी कुल मात्रा 500 मिलीलीटर थी। मामले की सुनवाई के बाद अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सीबीआई), शिमला की अदालत ने आरोपी को दोषी करार दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में प्रभावी जांच और न्यायालय में मजबूत पैरवी के चलते आरोपी को सजा दिलाने में सफलता मिली।