फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: रेड कैटेगरी में शामिल पंचायतों में हर माह होगी समीक्षा बैठक

विज्ञापन
विज्ञापन
. रामपुर और ननखड़ी की 13 पंचायतों में नशा निवारण के लिए तैयार किया प्लान
विज्ञापन

. नशे की रोकथाम के लिए उपमंडल स्तरीय एनकॉर्ड की बैठक में लिए कई निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
समाज में लगातार बढ़ती जा रही नशाखोरी एक ज्वलंत समस्या बनी हुई है। नशे की रोकथाम और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से बुधवार को रामपुर में उपमंडल स्तरीय एनकॉर्ड बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सहायक आयुक्त राजस्व एवं तहसीलदार रामपुर योगेश कुमार ने की। बैठक में डीएसपी नरेश शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में उपमंडल रामपुर में नशे की स्थिति, नशा विरोधी गतिविधियों और विभिन्न विभागों की ओर से नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। इस दौरान नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई, नशे की प्रवृत्ति वाले क्षेत्रों की पहचान, पंचायत स्तर पर निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने और विभिन्न विभागों में समन्वय स्थापित करने के बारे में चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि रामपुर विकास खंड की 5 और ननखड़ी विकास खंड की 8 पंचायतों को नशे की दृष्टि से रेड कैटेगरी में रखा गया है। इन पंचायतों में नशे की रोकथाम के लिए प्रत्येक माह समीक्षा बैठक की जाएगी। भविष्य में नशे की प्रवृत्ति अधिक पाए जाने वाली अन्य पंचायतों को भी रेड कैटेगरी में शामिल किया जाएगा। बैठक में रेड कैटेगरी में शामिल पंचायतों में नशे की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने, नशा निवारण समितियों को सक्रिय करने और पंचायत स्तर पर नियमित रूप से नशा विरोधी जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने पर विशेष बल दिया गया। युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए स्कूलों, पंचायतों और सामुदायिक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी चर्चा की गई। सहायक आयुक्त राजस्व एवं तहसीलदार रामपुर योगेश कुमार ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में नशे से संबंधित गतिविधियों पर नजर रखने और ऐसी किसी भी जानकारी को तुरंत संबंधित विभागों के ध्यान में लाने का आग्रह किया। उन्होंने पंचायत स्तर पर गठित नशा निवारण समितियों को सक्रिय रूप से कार्य करने और उनकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेड कैटेगरी की प्रत्येक पंचायत में हर माह बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। इन बैठकों के लिए संबंधित विभाग के किसी अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो पंचायत में नशे की स्थिति, की गई गतिविधियों और आवश्यक कार्रवाई से संबंधित मासिक रिपोर्ट प्रेषित करेगा। उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए केवल कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जागरूकता, निगरानी और सामुदायिक भागीदारी को भी समान रूप से मजबूत करना आवश्यक है। डीएसपी नरेश शर्मा ने नशे की रोकथाम के लिए पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने का आग्रह किया। बैठक में विभागों के अधिकारियों ने भी नशे के खिलाफ चलाई जा रही गतिविधियों की जानकारी दी। इस मौके पर बीडीओ रामपुर अंकुश, बीडीओ ननखड़ी मनोज कुमार, नप अध्यक्ष करन शर्मा, नायब तहसीलदार सराहन प्रेम सिंह नेगी, बीएमओ रामपुर डॉ. गगन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, संबंधित पंचायतों के प्रधान-उपप्रधान और गैर-सरकारी सदस्य मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें