मरम्मत कार्य शुरू, सीमेंट प्लास्टर से जर्जर स्मारक के जंग वाले सरिये हटाए जाएंगे और गड्डे होंगे दुरुस्त
विज्ञापन
स्मारक की लंबे समय तक की मजबूती और सुंदरीकरण के लिए अभी नहीं बना प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)।
ज्यूरी में एनएच-पांच का निर्माण कर भारत को चीन सीमा से जोड़ने वाले बलिदानी मजदूरों के स्मारक का मरम्मत कार्य जल्द शुरू होगा। करीब तीन लाख रुपये से बलिदानी मजदूरों की याद में बने स्मारक पर रेत और सीमेंट का प्लास्टर किया जाएगा। मजदूरों की जर्जर स्मारक में दिखाई दे रहे जंग वाले सरिये हटाए जाएंगे और गड्डों को दुरुस्त किया जाएगा। इसके रंगरोगन से कुछ महीनों में स्मारक चमक जाएगा। अखबार में स्मारक के खस्ताहाल को लेकर कई बार खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया है। आखिर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने मरम्मत का टेंडर अवार्ड कर कार्य शुरू कर दिया है। 1960 के दशक में हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग निर्माण में शहीद हुए करीब 150 मजदूरों की याद में बने स्मारक की स्थिति दयनीय बनी हुई है। स्मारक स्तंभ के साथ मेमोरियल पार्क की भी दयनीय स्थिति बनी हुई है। ज्यूरी पंचायत के बार-बार हस्तक्षेप, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, स्थानीय प्रशासन और प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री से गुहार के बाद भी स्मारक स्तंभ की लीपापोती के लिए टेंडर तो करवा दिया है, लेकिन साथ मेमोरियल की मजबूती और पार्क की सुंदरीकरण के लिए कोई भी प्रपोजल नहीं बन पा रहा है, जिससे बलिदानी मजदूरों के बलिदान को याद किए जा सके और उन्हें श्रद्धांजलि दी जा सके।
मेमोरियल मार्क की मरम्मत का कार्य करीब 3 लाख रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा। इस बजट से स्मारक की प्लास्टर से मरम्मत की जा रही है। इसके बाद रंगरोगन का कार्य किया जाएगा । - करतार शर्मा, सहायक अभियंता, एनएचएआई ज्यूरी