श्रीखंड क्षेत्रीय संगठन ने उठाई मांग, एसडीएम से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड(कुल्लू)। प्रदेश की कठिनतम यात्राओं में शुमार श्रीखंड महादेव यात्रा के लिए बने रास्तों को बरसात और आपदा से काफी क्षति पहुंची है। यात्रा में टेंट लगाने वाले स्थानीय लोगों के संगठन ने प्रशासन ने रास्तों को जल्द सुधारने की मांग की है। इस संबंध में संगठन का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह से जल्द मिलेगा।
टेंट कारोबारी और श्रीखंड क्षेत्रीय संगठन चायल जुआगी ने जाओं में बैठक की। बैठक में रास्तों को हुए नुकसान को लेकर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष मौन सिंह ठाकुर ने की। बैठक में क्षतिग्रस्त रास्तों और पुलिया के लिए प्रशासन से नुकसान का जायजा लेकर प्राक्कलन तैयार कर बजट का प्रावधान करने की मांग उठाई, ताकि 2026 की यात्रा शुरू होने से पहले रास्तों की हालत सुधर पाए।
अध्यक्ष मौन सिंह ठाकुर ने कहा कि बैठक में आय-व्यय पर चर्चा की गई। जल्द ही संगठन का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम मनमोहन सिंह से मिलेगा। एसडीएम से 2026 की यात्रा शुरू होने से पहले रास्तों और पुलियों का निर्माण पूरा करने की मांग उठाई जाएगी।