उपतहसील नित्थर के डगेनी से अपनी मंदिर चेबड़ी वापस लौटी देवी माता भगवती। संवाद
भव्य धार्मिक आयोजन के बाद हुई माता की वापसी, भक्तों ने नम आंखों से दी विदाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। नित्थर उपतहसील की देहरा पंचायत के चेबड़ी गांव में माता भगवती मंदिर में चार से छह फरवरी तक धार्मिक अनुष्ठान किया गया। इस दौरान विशेष पूजा का आयोजन किया गया। चार फरवरी को माता भगवती कलश स्वरूप में ढगेनी में बने मंदिर के लिए अपने भक्तों के साथ रवाना हुई थीं। शाम को माता भगवती माता ढगेनी से चेबड़ी में अपने मंदिर पहुंची। चेबड़ी की सुहागिन महिलाओं ने माता का मंदिर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। वीरवार को धार्मिक अनुष्ठान में हवन यज्ञ और झाड़े का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में नित्थर के सैकड़ों महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों ने भाग लिया। मंदिर कमेटी के प्रधान चंद्रपॉल शर्मा, कारदार होशियार चंद शर्मा, नरेश शर्मा, संतोष शर्मा और जनमेश शर्मा ने कहा कि ढनेगी मंदिर में दोनों शक्तियों के अनोखे मिलन के दर्शन बड़े ही भावुक करने वाले पल होते हैं। सभी के आंखों से आंसू छलक पड़े, जोकि एक अलौकिक दृश्य रहा। माता रानी के दर्शन से पूरा समा भक्तिमय हो गया। धार्मिक आयोजन के अंतिम दिन भजन कीर्तन का दौर चला। वहीं, भंडारे का आयोजन किया गया।