आनी के थनोग गांव में देवता पलथान देलठ के आगमन की वर्षगांठ पर हुआ धार्मिक अनुष्ठान। संवाद
थनोग गांव में देवता पलथान के आगमन की वर्षगांठ पर उमड़ा आस्था का सैलाब
प्रभारी बीडीओ अंजना शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी की तलुना पंचायत के थनोग गांव में स्थानीय आराध्य देवता पलथान देलठ के आगमन के एक वर्ष पूरे होने पर देवता के सम्मान में सोमवार को शाखा मंदिर में वर्षगांठ समारोह का आयोजन हुआ। इस आयोजन की माता देऊरी दुर्गा, बिंगड़ी नाग, बाड़ी दुर्गा, कुलक्षेत्र महादेव ओलवा, झाकडू नाग रूना और अर्था देवता की खुंबड़ियों ने शोभा बढ़ाई। देवी-देवता अपने कारकूनों और देवलुओं के साथ इस समारोह में पहुंचे। स्थानीय लोगों ने देवी-देवता और उनके साथ आए लोगों का भव्य स्वागत किया। मंदिर के पुरोहित लग्न दास शर्मा, परस राम की अगुआई में पाठ और यज्ञ किया गया। पूर्णाहुति के बाद लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में सेवानिवृत्त खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी शेर सिंह चौहान ने लोगों के लिए अपनी ओर से भंडारा वितरित किया। इस धार्मिक अनुष्ठान में देवता पलथान के गूर ने खेल में आकर फलादेश सुनाया और लोगों को सरसों के दाने के रूप में देवता का आशीर्वाद दिया। इस कार्यक्रम में कार्य कार्यकारी खंड विकास अधिकारी अंजना शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और देवता के समक्ष शीश नवाया। उन्होंने मंदिर विकास के लिए हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। देवता के कारदार तिलक वर्मा ने बताया कि थनोग गांव में देवता बीते वर्ष 6 अप्रैल को अपने रथ में सवार होकर कारकूनों और देवलुओं के साथ पहुंचे थे। देवता के स्वागत में भव्य धार्मिक आयोजन हुआ था, जिसकी वर्षगांठ सोमवार को मनाई गई। इस मौके पर देवी-देवताओं के कारकून, कांग्रेस नेता परस राम, उत्तम ठाकुर, कुशल वर्मा, मोहन समेत अन्य मौजूद रहे।