तीन दिवसीय गवास शांतड़ी महायज्ञ के लिए प्रशासन ने जारी किया ट्रैफिक प्लान। स्रोत:
. शिखा पूजन देखने के लिए पहुंचेंगे हजारों लोग
. रोहड़ू की ओर से आने वाले वाहन समोली से सैंजी, धुमादार, भटवाड़ी से होकर हिंगवाला तक जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू।
गवास में तीन दिवसीय शांतड़ी महायज्ञ के लिए प्रशासन ने ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। रोहड़ू और चिड़गांव से अनुष्ठान में जाने वाले लोगों के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सेवा चलाई गई है। बुधवार को अनुष्ठान में शिखा पूजन की मुख्य रस्म निभाई जाएगी, जिसे देखने हजारों की संख्या में लोग गवास पहुंचेंगे। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। गवास गांव तक जाने वाले मुख्य मार्गों में समोली-सैंजी-धुमादार-भटवाड़ी-हिंगवाला-गवास मार्ग और बडियारा-बठुआ-कलोटी-धुमादार-भटवाड़ी-हिंगवाला मार्ग शामिल हैं। रोहड़ू की ओर से आने वालीं बसें और छोटे वाहन समोली से सैंजी, धुमादार और भटवाड़ी से होकर हिंगवाला जाएंगे। हिंगवाला से मिनी लाकाधार बठुआ होकर वापस वाहन बाडियारा में मुख्य सड़क तक आएंगे। वहीं, चिड़गांव से गवास जाने वालीं बसें और छोटी गाड़ियां बडियारा से बठुआ, कलोटी, धुमाधार और भटवाड़ी होकर हिंगवाला तक जाएंगी। वहां से वापस मिनी, लाकाधार, बठुआ होकर बाडियारा में मुख्य सड़क से होकर चिड़गांव आएंगी। धूमदार-भटवाड़ी-हिंगवाला-टिरू-मिणी और लाकाधार-कलोटी-बठुआ तक ट्रैफिक वनवे रखा गया है। हिंगवाला से मस्तोट-बागी होकर केवल छोटे वाहनों के लिए वनवे ट्रैफिक रखा गया है। प्रशासन ने गवास गांव में तीन स्थानों पर कुल 125 छोटे वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की है। झटवाड़ी में 150 छोटे वाहनों, मस्तोट में 50 छोटे वाहनों, कलोटी में 70 छोटे वाहनों, लाकाधार में 50 और लैला ग्राउंड में 50 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की है। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान गवास गांव जाने वाले संपर्क मार्गों पर टिपर और अन्य बड़े वाहनों की आवाजाही बंद रखी गई है। रोहड़ू के एसडीएम धर्मेश रामौत्रा ने धार्मिक अनुष्ठान के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए लोगों से अपील की है।