कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई के उबदेश क्षेत्र की 12 पंचायतों के सहयोग से आयोजित सामूहिक श्रीमद्भागवत कथा का आठवें दिन समापन हो गया। कथा के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कथा का श्रवण किया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे और कथा में भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके आगमन से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। यह धार्मिक आयोजन उबदेश के रावला क्यार (खल्टू) में हुआ। आयोजक पंडित हरि कृष्ण शर्मा ने बताया कि सभी पंचायतों के लोगों के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सोमवार को सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेंगे।