दलाश (कुल्लू)। नवरात्र पर पर ऊपरी हिमाचल के मंदिर में रोजाना हजारों भक्त शीश नवा रहे हैं। उपमंडल आनी के दलाश स्थित भगवान श्रीराम का मंदिर भी इन दिनों रामधुनों से गूंज रहा है। मंदिर में रामकथा का पाठ किया जा रहा है, जिसे सुनकर ग्रामीणों भावविभोर हो रहे हैं। वहीं, रिवाड़ी गांव स्थित भगवान श्रीराम मंदिर में भी ग्रामीणों के सहयोग से श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। संत श्रीश्री 1008 महात्यागी बाबा हनुमान दास महाराज श्रीराम कथा का बखान कर रहे हैं। कथा का समय प्रतिदिन सायं सात बजे से रात्रि 10 बजे तक किया जा रहा है। मंदिर में रामनवमी के पावन दिवस पर पूजा पाठ व हवन यज्ञ और कन्या पूजन आदि धार्मिक आयोजन होंगे और सभी भक्तों में प्रसाद भी वितरित किया जाएगा।