विश्व हिंदू परिषद ने बूढ़ा महादेव मंदिर में मनाया रामोत्सव और हिंदू नववर्ष
विज्ञापन
29 को रामनवमी और 2 अप्रैल को मनाएंगे हनुमान जन्मोत्सव संवाद न्यूज एजेंसी नित्थर(कुल्लू)। रामनवमी से पूर्व विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की ओर से जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में विहिप जिला रामपुर के तत्वावधान में नित्थर के बूढ़ा महादेव मंदिर में रामोत्सव और हिंदू नववर्ष मनाया गया। क्षेत्र की महिलाओं ने कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान राम का गुणगान किया। विश्व हिंदू परिषद के वक्ताओं ने ग्रामीणों को सनातन संस्कृति के संरक्षण और समाज में बढ़ रही कुरीतियों की रोकथाम के बारे में जागरूक किया। विश्व हिंदू परिषद जिला रामपुर के नित्थर प्रखंड के देहरा स्थित बूढ़ा महादेव मंदिर में रामोत्सव और हिंदू नववर्ष पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शुक्ल पक्ष की चैत्र प्रतिपदा से हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2083 का शुभारंभ हो चुका है। आने वाले 29 मार्च को श्रीरामनवमी और 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाएगा, जिसे विहिप देश भर में रामोत्सव के रूप में मनाता आ रहा है। रामोत्सव के कार्यक्रमों में हिंदू समाज को एकत्रित कर सत्संग का आयोजन किया गया। आने वाले दिनों में विहिप जिला रामपुर की ओर से जिला के सभी 8 प्रखंडों में रामोत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में हिंदू समाज को एकता, समरसता, धर्मपरायणता का संदेश दिया जाएगा ताकि एक स्वस्थ और समृद्ध हिंदू समाज का निर्माण हो। साथ ही एक भव्य और स्वर्णिम राष्ट्र निर्माण की ओर सभी अग्रसर हो सकें। इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन विनोद शर्मा, विहिप जिला अध्यक्ष सुरेश मेहता, जिला मंत्री विष्णु शर्मा, सत्संग प्रमुख पीतांबर शर्मा, नित्थर अध्यक्ष भारत भूषण भारती, सुरेंद्र शर्मा, पूनम शर्मा, क्षेत्र भर से आई महिलाएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नित्थर के बूढ़ा महादेव मंदिर में आयोजित रामोत्सव में गूंजे भगवान राम के भजन। संवाद