कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। हमीरपुर स्थित कॅरिअर प्वाइंट विश्वविद्यालय में आयोजित हिमालयन श्री अवॉर्ड-2026 सीजन-3 के भव्य समारोह में मॉडल, ब्यूटी पेजेंट विजेता और लेखिका रवितनया शर्मा को उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह कार्यक्रम आशा किरण संस्थान की ओर से फीट ऑफ फायर फाउंडेशन और बैकबेंचर्स ग्रुप के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालीं प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रजा मुराद रहे। उन्होंने मंच पर रवितनया शर्मा को सम्मानपत्र प्रदान करते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की और कहा कि हिमाचल की प्रतिभाएं आज देश-विदेश में अपना नाम रोशन कर रही हैं। रवितनया शर्मा मूल रूप से तहसील कुमारसैन की कांगल पंचायत के गांव ठाया की रहने वाली हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रवितनया की सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इस भव्य अवॉर्ड शो का सफल आयोजन अमित भाटिया (प्रबंध निदेशक) फीट ऑफ फायर एवं मिस्टर एंड मिस नॉर्दर्न के नेतृत्व में किया गया। रवितनया के पिता डॉ. प्रमोद शर्मा ने बेटी की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है।