जनजातीय जिला किन्नौर में सड़क हादसों का सिलसिला चिंता बढ़ा रहा है। पुराना हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग पर रांगले के समीप बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 27 वर्षीय पिकअप चालक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। पुलिस को हादसे की सूचना सोमवार सुबह मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरे वाहन तक पहुंचकर चालक का शव बाहर निकाला।
रात 1:15 बजे हुआ हादसा
पुलिस थाना टापरी से मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन नंबर एचपी 26ए-4241 में चालक मीरू से रुनंग गांव की ओर जा रहा था। रात करीब 1:15 बजे चोलिंग-मीरू संपर्क सड़क पर रांगले बस अड्डे के समीप चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद पिकअप सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक एवं मालिक लवीस (27) पुत्र सुखराम, निवासी गांव एवं डाकघर मीरू, तहसील निचार, जिला किन्नौर की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह मिली हादसे की सूचना
हादसे की सूचना सोमवार सुबह पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस थाना टापरी से एएसआई सन्नी बौद्ध की अगुवाई में आरक्षी पंकज और पुष्पराज की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस जवानों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद करीब 100 मीटर गहरी खाई से शव को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी टापरी पहुंचाया।