रामपुर परियोजना के मजदूरों ने प्रबंधन के खिलाफ खोला मोर्चा, रोष रैली निकालकर मजदूरों ने जताया अपना रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। 412 मेगावाट रामपुर जल विद्युत परियोजना कांट्रैक्ट यूनियन ने परियोजना प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। यूनियन और प्रबंधन के बीच हुए समझौते को लागू न करने, काम के आधार पर पद, अनुचित श्रम व्यवहार और प्रबंधन के मजदूर विरोधी रवैये को लेकर मजदूरों ने अपना विरोध जताया। मजदूरों ने परियोजना स्थल से लेकर एनएच पांच दत्तनगर तक रोष रैली निकाली और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू शिमला जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह, यूनियन अध्यक्ष आनंद मेहता और यूनियन महासचिव नीलदत्त शर्मा ने कहा कि यूनियन ने परियोजना प्रबंधन को मांग पत्र दिया था, जिसमें परियोजना में कार्य करने वाले मजदूरों के लिए पदोन्नति नीति, सामूहिक बीमा, काम के आधार पर पद, वर्दी भत्ता, वर्दी धुलाई भत्ता, यात्रा भत्ता में बढ़ोतरी, रोगी वाहन, शिफ्ट में काम कर रहे मजदूरों को शिफ्ट गाड़ी, कुश्वा, खरगा, तुनन, पोषना और अन्य पंचायतों से आ रहे मजदूरों के लिए जगातखाना होकर बस चलाने की मांग की गई थी। इस बारे में प्रबंधन और यूनियन के बीच 25 नवंबर 2023 को लिखित समझौता भी हुआ, लेकिन प्रबंधन मजदूरों की मांगों को दरकिनार कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां 1500 मेगावाट नाथपा सभी मजदूरों को कुशल मजदूर की श्रेणी के तहत काम कर रहे हैं, वहीं 412 मेगावाट रामपुर परियोजना में वही काम अकुशल मजदूरों से करवाया जा रहा है, जबकि वेतन अकुशल मजदूर का दिया जा रहा है। इससे खुले तौर पर मजदूरों का शोषण हो रहा है। यही नहीं प्रबंधन की ओर से ठेकेदारों पर दबाव बनाकर गैर कानूनी हथकंडे अपना कर मजदूरों को डराने धमकाने का काम किया जा रहा है। यूनियन के नेताओं ने चेताया कि यदि मजदूरों की मांग को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आने वाले समय में मजदूर अनिश्चितकालीन समय के लिए परियोजना का कार्य बंद कर देंगे। इस मौके पर 210 मेगावाट से दिनेश मेहता, अजय शर्मा, मंजीत, प्रेम प्रकाश, विक्रम, संजीव, दुर्भासानंद, मनोहर, संजीव, आभे राम, रविंद्र, राजकुमार, उत्तम, सेवा दासी, महेन्द्र, अमित , बालक राम,योगराज, श्रवण, हेमराज, रमेश, राजबबर, नेक राम, भूपेंद्र, अरूण जिष्टू, शीला, निशा, सीता, उर्मिला, पुष्पा, संध्या, रीना,भूप बिष्ट, सुख राम सहित अन्य मौजूद रहे।