नाबालिग का पुलिस थाना ढली में किया सुरक्षित संरक्षण, परिजनों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर पुलिस ने लापता हुए नाबालिग को 5 घंटे के भीतर तलाश करने में सफलता पाई है। नाबालिग को पुलिस थाना ढली की टीम ने सुरक्षित संरक्षण में लिया और उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस थाना रामपुर से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 10:15 बजे पुलिस थाना रामपुर में दूरभाष के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक 17 वर्षीय नाबालिग घर से बिना बताए कहीं चला गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर रवाना हुई और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नाबालिग की तलाश के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिस टीम ने परिजनों के साथ मिलकर क्षेत्र में खोजबीन की। शिकायतकर्ता के घर के आसपास और एनएच-पांच पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान पता चला कि नाबालिग दत्तनगर क्षेत्र से एक एचआरटीसी बस में सवार हुआ था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित समन्वय स्थापित करते हुए संबंधित बस की जानकारी प्राप्त की और विभिन्न पुलिस इकाइयों एवं परिवहन विभाग के सहयोग से नाबालिग की लोकेशन का पता लगाया गया। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप नाबालिग को थाना ढली क्षेत्र में सुरक्षित संरक्षण में लिया गया। सूचना मिलने के 5 घंटे के भीतर पुलिस टीम ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक पूछताछ एवं कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।