ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग के तहत शाली बाजार स्थित रेहड़ी-फड़ी मार्केट और सब्जी मंडी के समीप बीती रात अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर हजारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया है।
बताते चलें कि मार्केट में अस्थायी तौर पर नगर परिषद ने शहर के तहबाजारियों को बैठाया है। यहां स्थायी शेड बनाने की योजना है, जबकि सब्जी मंडी के समीप शेड बनाकर कई लोगों को शेड अलॉट किए गए हैं। यहां वीरवार रात को चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इसमें कई दुकानों से सामान चोरी हुआ है।
सुबह आकर कारोबारियों ने देखा तो सामान बिखरा था। जूतों की फड़ी लगाने वाले विकास शर्मा ने बताया कि उनका काफी सामान चोरी हो गया है। दुकानदार बबलू ने बताया कि उनका 30,000 का सामान चोरी हुआ है। चाट की दुकान चलाने वाले संतोष ने बताया कि दुकान से गल्ले से पैसे गायब हैं।
वहीं रेहड़ी फड़ी यूनियन की प्रधान राधिका ने बताया कि यहां पर अभी तक कोई चौकीदार नहीं है। चोरों ने चार दुकानों में में चोरी को अंजाम दिया है। इसको लेकर पुलिस में भी शिकायत दर्ज की गई है। घटना से बाजार में भय का माहौल है।