रामपुर बुशहर। रामपुर के आयुर्वेदिक अस्पताल में मरीजों को जल्द ही एक्सरे की सुविधा मिलेगी। अस्पताल की रोगी कल्याण समिति की बैठक में इसको लेकर निर्णय लिया गया है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीएम रामपुर ने अस्पताल प्रबंधन को एक्सरे मशीन स्थापित करने के लिए खाका तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इससे मरीजों को रामपुर में ही मरीजों को एक्सरे की सुविधा मिल सकेगी और उन्हें खनेरी अस्पताल की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
गौर हो कि हर वर्ष आयोजित हो रही रोगी कल्याण समिति की बैठक में एक्सरे मशीन स्थापित करने का मुद्दा जोरशोर से उठता रहा है और इसको लेकर मंजूरी भी मिल चुकी है। बावजूद इसके अस्पताल में अभी तक एक्सरे मशीन की सुविधा मरीजों को उपलब्ध नहीं हो पाई है। लिहाजा मरीजों को रामपुर से करीब छह किलोमीटर का सफर तयकर खनेरी पहुंचकर एक्सरे करवाने पड़ रहे हैं। इससे मरीजों को खासी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। रामपुर के आयुर्वेदिक अस्पताल में नारकंडा से लेकर कुल्लू जिले के आउटर सराज, रामपुर और किन्नौर जिले के हजारों मरीज आयुर्वेद पद्धति से उपचार करवाते हैं। अस्पताल में पंचकर्मा और क्षारसूत्र सहित अन्य आयुर्वेद पद्धति से मरीजों का उपचार किया जा रहा है लेकिन अस्पताल में एक्सरे मशीन नहीं होने से मरीजों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही थी।
आरकेएस की बैठक में एक्सरे मशीन स्थापित करने के साथ ही तकनीकी कर्मचारी का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर समिति ने आउटसोर्स आधार पर कर्मचारी की तैनाती की बात कही है। रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम रामपुर निशांत तोमर ने बताया कि समिति के सभी सदस्यों की मांग और मरीजों की सुविधा को लेकर एक्सरे मशीन स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। अस्पताल प्रबंधन को जल्द इसका खाका तैयार करने के निर्देश दिए हैं, जिससे मरीजों को एक्सरे करवाने संबंधित परेशानियां न झेलनी पड़े।