पेयजल किल्लत से जूझ रहे सैकड़ों लोग
टैंकरों से पानी ढोने को मजबूर लोग
जल्द पेयजल आपूर्ति की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर के साथ सटे चूहाबाग और पिप्टी क्षेत्र में तीन दिन से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। सैकड़ों लोग पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों को टैंकरों से पानी ढोना पड़ रहा है। गौर हो कि बीते दिनों रामपुर उपमंडल में भारी बारिश हुई थी। इसके चलते ब्रौनी खड्ड में भू-स्खलन होने के कारण समेज-रामपुर पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे शहर में पेयजल संकट हो गया है। बीते तीन दिनों से पेयजल आपूर्ति न होने के कारण क्षेत्र के लोग टैंकरों से पानी ढोने को मजबूर हैं। क्षेत्र के विकास, प्रदीप कुमार, अनिल और भूपेश सहित अन्य लोगों ने कहा कि पेयजल आूपर्ति ठप होने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टैंकरों से पानी ढोना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन और जलशक्ति विभाग से जल्द पेयजल आपूर्ति मुहैया करवाने की मांग उठाई है। उधर, जलशक्ति विभाग के एक्सईएन आरएस नेगी ने कहा कि भारी बारिश के कारण ब्रौनी खड्ड में ढांक खिसकने से 200 मीटर पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस कारण समेज-रामपुर पेयजल योजना ठप हुई, जिसे रिस्टोर कर दिया गया है। जल्द ही बाधित पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। - संवाद