विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने नगरवासियों को अयोध्या आने का दिया निमंत्रण
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। बीती करीब पांच सदियों से अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की आस लगाए करोड़ों लोगों को जल्द श्रीराम मंदिर के भव्य मंदिर के दर्शन करने को मिलेंगे। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं विश्व हिंदू परिषद द्वारा देशभर के मंदिरों में अक्षत कलशों की स्थापना की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को अयोध्या से पहुंचे पूजित अक्षत कलश की शहर के संकटमोचन महावीर मंदिर में स्थापना की गई। विहिप ने समूचे नगर में लोगों को अयोध्या आने का निमंत्रण दिया। विश्व हिंदू परिषद के विष्णु शर्मा ने कहा कि विहिप द्वारा संचालित ठाकुर श्री सत्यनारायण मंदिर में अयोध्या से लाए गए पूजित अक्षतों को जिला रामपुर के ननखड़ी, निरमंड, आनी, झाकड़ी और कुमारसैन के लिए भेजा गया था। साथ ही इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन का न्योता भी दिया जा रहा है। अब विश्व हिंदू परिषद ने ये बीड़ा उठाया है कि जिस तरह निधि संग्रह के लिए हमारे कार्यकर्ता घर-घर पहुंचे थे, उसी प्रकार अक्षत वितरण और निमंत्रण के लिए भी कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे और 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्रतिष्ठा के दिन जिला रामपुर के हर गांव के हर मंदिर में भी भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही दीपावली मनाने का संदेश भी जनमानस को दिया जा रहा है।