नगर परिषद ठियोग में मची उथल-पुथल के बीच समारोह का आयोजन, विधायक बोले-मतभेद भुलाकर विकास को दें प्राथमिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। नगर परिषद ठियोग में मची सियासी उथल-पुथल के बाद सोमवार को नवनियुक्त अध्यक्ष संजय शर्मा और उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह में ठियोग विस क्षेत्र के विधायक कुलदीप राठौर भी मौजूद रहे। एसडीएम ठियोग मुकेश शर्मा ने नवनियुक्त अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान विधायक ने नगर परिषद के सभी सदस्यों से मतभेद भुलाकर ठियोग नगर परिषद के विकास को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने रहीघाट से प्रेमघाट चौक तक मालरोड बनाने का भी नगर परिषद को सुझाव दिया। साथ ही इस क्षेत्र को अन्य कस्बों की तरह दो घंटे तक यातायात बंद करने का सुझाव दिया, जिससे लोग यहां सुगमता से आवाजाही कर सकें। उन्होंने कहा कि कई सालों के इंतजार के बाद नियुक्त परिषद के कार्यकाल में कस्बे को सीवरेज लाइन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने सभी वार्डों में पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के विकल्प खोजने की भी बात कही। उन्होंने परिषद के सभी पार्षदों को पिछले मतभेदों को भुलाकर नगर परिषद के विकास का हिस्सा बनने का आह्वान किया। इस मौके पर परिषद के कार्यकारी अधिकारी वरुण शर्मा, पूर्व अध्यक्ष विवेक थापर, पार्षद अनिल ग्रोवर, मंडल अध्यक्ष कंवर नरेंद्र, विभिन्न वार्डों के मनोनीत पार्षदों सहित अन्य मौजूद रहे।