डंसा (रामपुर बुशहर)। रामपुर खंड की अंडर-14 छात्राओं की खंड स्तरीय प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंसा में सोमवार को हुई। प्रतियोगिता में रामपुर स्कूल की टीम ने ओवरआल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया है। तीन दिनों तक चली स्पर्धा में सैकड़ों खिलाडिय़ों ने प्रतिभा के जौहर दिखाए।
कबड्डी प्रतियोगिता में रामपुर स्कूल ने पहला और देवठी स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया। वॉलीबाल में दरकाली ने पहला और दत्तनगर ने दूसरा, खो-खो में रामपुर विजेता बना वहीं डंसा को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। बैडमिंटन में दरकाली ने पहला और दत्तनगर ने दूसरा, योगा में रामपुर प्रथम और शनेरी दूसरे, चेस में देवठी ने पहला और नरैण ने दूसरा, लोकनृत्य में रामपुर ने पहला, नोगली ने दूसरा, सामूहिक नृत्य में रामपुर ने पहला, नोगली ने दूसरा स्थान हासिल किया है।
वहीं 100 मीटर दौड़ में दत्तनगर स्कूल के बीबी तमंग ने पहला, शिंगला स्कूल के संगम ने दूसरा, 200 मीटर में जगुणी स्कूल की खुशी ने पहला, शिंगला स्कूल की अर्पिता ने दूसरा, 400 मीटर दौड़ में शिंगला के संगम ने पहला, रामपुर स्कूल की यशिता ने दूसरा, 600 मीटर दौड़ में डंसा की लता ने पहला, डंसा की ही प्रतिभा ने दूसरा, शॉटपुट में रामपुर स्कूल की अंकिता ने पहला, दरकाली स्कूल की रीना ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में स्प्रिंगडेल स्कूल की सुमन ने पहला प्राप्त किया। वहीं शिंगला की संगम दूसरे स्थान पर रहीं।
लंबी कूद में शिंगला के संगम और तकलेच की अर्पिता ने दूसरा स्थान हासिल किया। एथलेटिक्स में शिंगला स्कूल ओवरआल चैंपियन बना। वहीं संगम को सर्वश्रेष्ठ एथलीट के खिताब से नवाजा गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिला परिषद सदस्य बिमला शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।