एनजेएचपीएस में दो दिवसीय अंतर परियोजना फुटबाल खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। एसजेवीएन अंतर परियोजना खेल प्रतियोगिता के दूसरे चरण में शनिवार को एनजेएचपीएस झाकड़ी में दो दिवसीय फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ मुख्यातिथि कार्यपालक निदेशक एवं परियोजना प्रमुख मनोज कुमार ने किया। प्रतियोगिता में पहले दिन लीग मैच खेले जाएंगे। रविवार को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। पहले दिन के मैच में रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन ने एनजेएचपीएस झाकडी को 3-2 से हराया। दूसरे मैच में कॉरपोरेट हेड क्वार्टर शिमला ने 5-2 से लूहरी परियोजना को मात दी। तीसरा मैच में रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन ने 6-0 से कॉरपोरेट हेडक्वार्टर शिमला को हराया। चौथा मुकाबला एनजेएचपीएस ने 7-0 से लूहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट को हराया। इस दौरान परियोजना के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। प्रतियोगिता का शुभारंभ एसजेवीएन गीत से किया गया। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने कहा कि यह महज खेल नहीं बल्कि खिलाड़ी टीम वर्क, अनुशासन, दृढ़ता, लक्ष्य निर्धारण और सफलता की ललक के साथ स्वस्थ रहने का भी मूलमंत्र है। दो दिनों तक चलने वाली अंतर प्रोजेक्ट फुटबाल खेलकूद प्रतियोगिता में कुल 4 टीमें भाग ले रही हैं। इसमें होस्ट टीम नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन के अतिरिक्त कॉरपोरेट हेडक्वार्टर शिमला, रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन और लुहरी हाइड्रो इलेक्ट्रिकल प्रोजेक्ट की टीमें शामिल हैं।