संवाद न्यूज एजेंसी
रोहडू। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल क्षेत्र में जय बनाड़ स्पोर्ट्स क्लब द्वारा सुंडली में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रतियोगिता में करीब 128 टीमों ने भाग लिया। शिक्षामंत्री ने प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता टीमों को नवाजा। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रतियोगिताएं नशे से दूर रहने के लिए भी कारगर साबित होती हैं। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार बचनबद्ध है, जिसके लिए समय-समय पर उचित कदम उठाए जा रहे है। रोहित ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र में विकास के रुके कार्यों को गति प्रदान की जाएगी और क्षेत्र की मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने के प्रयास किए जाएंगे। जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 190 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई है, जो हिमाचल प्रदेश में सबसे अधिक है। इस मौके पर उन्होंने सामुदायिक भवन सुंडली की छत के निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। कार्यक्रम में जुब्बल निवासी बलवंत झौटा ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 51,000 रुपये और सुंडली ग्रामवासियों ने 31,000 रुपये का मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान भेंट किए। सके लिए शिक्षा मंत्री ने बलवंत झौटा और सुंडली के ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता रही जीटीसी भराना को एक लाख रुपए एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में जेएमसी खलई उपविजेता रही। इस अवसर पर पंचायत प्रधान अशोक सारटा, उपाध्यक्ष पंचायत समिति यशवंत जस्टा, उप प्रधान विनोद मोकटा, अमरचंद धांटा, राकेश, साहिल और अन्य उपस्थित रहे।