चील पार्क मैदान खाइना धमांदरी के बीच खेला गया खिताबी मुकाबला, प्रतियोगिता में 40 टीमों ने लिया हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। धमांदरी पंचायत के तहत चील पार्क खाइना में आयोजित पंचायत स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में धमांदरी प्रीमियर लीग सीजन-2 की ट्राॅफी पर जेडीसी-11 (जय देवता चिखड़ेश्वर) ने कब्जा जमाया है। टूर्नामेंट की उपविजेता फ्रैंड्स इलेवन चियोग की टीम रही। जिले की 40 टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रत्याशी अजय श्याम और धमांदरी पंचायत के उपप्रधान चमन मनसागर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। बणी पंचायत के पूर्व प्रधान भगत भोटका ने भी शिरकत की। उन्होंने युवाओं से नशों से दूर रहने और खेलों में रुचि बढ़ाने का आह्वान किया। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 66,000 रुपये और ट्रॉफी जबकि उपविजेता टीम को 33,000 रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में सौरभ और शुभम को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द सीरीज, चियोग टीम के मोंटी श्रेष्ठ बल्लेबाज, जेडीसी-11 के मोंटी श्रेष्ठ गेंदबाज, चियोग टीम के कार्तिक श्रेष्ठ क्षेत्ररकक्ष और रजाणा टीम के हन्नी बेस्ट विकेट कीपर के पुरस्कार से नवाजा गया। जेडीसी-11 के कैप्टन जयदेव शर्मा ने बताया कि धमांदरी प्रीमियर लीग सीजन-2 के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में क्रिकेट के जनून को मंच उपलब्ध करवाया है। भविष्य में बड़े स्तर पर टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा।