एसजेवीएन की अंतर केंद्रीय विद्युत क्षेत्र उपक्रम कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर के दत्तनगर में आयोजित एसजेवीएन की 23वीं अंतर केंद्रीय विद्युत क्षेत्र उपक्रम कबड्डी प्रतियोगिता पर बीबीएमबी की टीम ने कब्जा जमाया है। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बीबीएमबी ने एसजेवीएन को रोमांचक मुकाबले में हराकर जीत अपने नाम की। एसजेवीएन द्वितीय और पीजीसीआईएल की टीम तृतीय स्थान पर रही। रविवार को प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्यातिथि मुख्य महाप्रबंधक अभय शंकर शुक्ला और लुहरी जल विद्युत परियोजना प्रमुख सुनील चौधरी ने विजेता टीमों के को सम्मानित किया। रामपुर परियोजना स्थल दत्तनगर में आयोजित तीन दिवसीय अंतर केंद्रीय विद्युत क्षेत्र उपक्रम कबड्डी प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के तीसरे दिन पहला मैच एनएचपीसी और पीजीसीआईएल के बीच खेला गया। इसमें पीजीसीआईएल ने एनएचपीसी को करारी शिकस्त दी। इसके बाद प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एसजेवीएन और बीबीएमबी के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में बीबीएमबी ने एसजेवीएन को 29-26 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। मुख्यातिथि अभय शंकर शुक्ला और सुनील चौधरी ने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान पर रही टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेलों का जीवन में अहम महत्व है। कार्य के साथ-साथ जीवन में खेलों से शारीरिक और मानसिक सुकून मिलता है। प्रतियोगिता में विद्युत क्षेत्र उपक्रम की एमओपी, सीईए, आरइसी, बीबीएमबी, एनएचपीसी, पीजीसीआईएल, टीएचडीसी और एसजेवीएन की टीमों ने भाग लिया। इस मौके पर रामपुर एचपीएस के समस्त विभागाध्यक्ष और कर्मचारी उपस्थित रहे।